GEN Z STYLE - ‘कूचू पुचू’ के बहाने दिल्ली पुलिस का बड़ा संदेश, पतंग उड़ाओ लेकिन चीनी मांझे से रहो दूर!
दिल्ली पुलिस ने एक काल्पनिक बातचीत के जरिए चीनी मांझे के खतरों को बेहद आसान अंदाज में समझाया। बातचीत में एक व्यक्ति पूछता है कि क्या कर रहे हो, जिसके जवाब में दूसरा कहता है कि वह पूरे जोश के साथ पतंग उड़ा रहा है। जब मांझे के बारे में पूछा जाता है तो वह ‘चाइनीज वाला’ बताता है। इसके बाद उसे चेतावनी दी जाती है कि चीनी मांझा पक्षियों और दोपहिया वाहन चालकों के लिए बेहद खतरनाक है। जवाब में दूसरा व्यक्ति सुरक्षित मांझे का इस्तेमाल करने की बात कहता है। पतंगबाजी का मजा कहीं हादसे में न बदल जाए
नई दिल्ली: स्वतंत्रता दिवस जैसे-जैसे करीब आ रहा है, दिल्ली के आसमान में रंग-बिरंगी पतंगों की रौनक बढ़ने लगी है। 15 अगस्त के मौके पर राजधानी में बड़ी संख्या में लोग पतंगबाजी का आनंद लेते हैं। इसी बीच दिल्ली पुलिस ने लोगों को खतरनाक चीनी मांझे से दूर रहने की सलाह देने के लिए सोशल मीडिया पर बेहद दिलचस्प और वायरल अंदाज अपनाया है।
दिल्ली पुलिस ने सोशल मीडिया पर इन दिनों वायरल हो रहे ‘कूचू पुचू तुम कहां हो’ मीम का इस्तेमाल करते हुए लोगों को जागरूक किया। पुलिस ने अपने पोस्ट में लिखा, “डियर कूचू पुचू, पतंग उड़ाओ लेकिन चीनी मांझा को ना कहो, समझे?” मीम के अंदाज में दिया गया यह संदेश लोगों का ध्यान खींच रहा है और सोशल मीडिया पर तेजी से शेयर किया जा रहा है।
वायरल चैट के जरिए समझाया खतरा
दिल्ली पुलिस ने एक काल्पनिक बातचीत के जरिए चीनी मांझे के खतरों को बेहद आसान अंदाज में समझाया। बातचीत में एक व्यक्ति पूछता है कि क्या कर रहे हो, जिसके जवाब में दूसरा कहता है कि वह पूरे जोश के साथ पतंग उड़ा रहा है। जब मांझे के बारे में पूछा जाता है तो वह ‘चाइनीज वाला’ बताता है।
इसके बाद उसे चेतावनी दी जाती है कि चीनी मांझा पक्षियों और दोपहिया वाहन चालकों के लिए बेहद खतरनाक है। जवाब में दूसरा व्यक्ति सुरक्षित मांझे का इस्तेमाल करने की बात कहता है।
पतंगबाजी का मजा कहीं हादसे में न बदल जाए
चीनी मांझे की तेज धार और मजबूत सिंथेटिक संरचना के कारण यह इंसानों और पक्षियों के लिए गंभीर खतरा बन सकता है। बाइक या स्कूटर सवारों के गले और चेहरे पर मांझा फंसने से गंभीर चोटें आने की आशंका रहती है। कई बार सड़क पर पैदल चलने वाले लोग भी इसकी चपेट में आ जाते हैं।
इतना ही नहीं, चीनी मांझा पेड़ों, बिजली के तारों और इमारतों में फंसकर लंबे समय तक मौजूद रह सकता है। इससे पतंगबाजी खत्म होने के बाद भी हादसे का खतरा बना रहता है।
पक्षियों के लिए भी जानलेवा
चीनी मांझे का सबसे बड़ा खतरा पक्षियों के लिए भी है। उड़ते समय इसके संपर्क में आने से उनके पंख, पैर या गर्दन कट सकती है। कई पक्षी गंभीर रूप से घायल हो जाते हैं और कई मामलों में उनकी जान तक चली जाती है।
आखिर क्यों खतरनाक है चीनी मांझा?
चीनी मांझा सामान्य सूती धागे की तुलना में ज्यादा मजबूत और धारदार होता है। इसे आमतौर पर सिंथेटिक नायलॉन या प्लास्टिक आधारित सामग्री से तैयार किया जाता है और कुछ मामलों में इसे बेहद महीन कांच या अन्य धारदार पदार्थों से कोट किया जाता है। यही वजह है कि यह आसानी से टूटता नहीं और संपर्क में आने पर गहरी चोट पहुंचा सकता है।
पतंग उड़ाइए, त्योहार का आनंद लीजिए, लेकिन ऐसी डोर का इस्तेमाल न करें जो किसी की जिंदगी के लिए खतरा बन जाए। दिल्ली पुलिस का ‘कूचू पुचू’ वाला संदेश इसी सावधानी को मजेदार अंदाज में लोगों तक पहुंचाने की कोशिश है।
What's Your Reaction?






