CBSE री-इवैल्यूएशन पोर्टल पर बड़ा साइबर अटैक! 2 मिनट में 15 लाख हिट्स, फिर भी 16 हजार छात्रों ने सफलतापूर्वक किया आवेदन
CBSE ने स्पष्ट किया है कि छात्रों और अभिभावकों की जानकारी पूरी तरह सुरक्षित है। बोर्ड का कहना है कि उसका प्राथमिक उद्देश्य छात्रों को सुरक्षित, विश्वसनीय और बेहतर डिजिटल सेवाएं उपलब्ध कराना है। इसी दिशा में साइबर सुरक्षा तंत्र को लगातार मजबूत किया जा रहा है।
नई दिल्ली। CBSE के री-इवैल्यूएशन पोर्टल पर इस समय हजारों छात्र अपनी उत्तर पुस्तिकाओं के पुनर्मूल्यांकन के लिए आवेदन कर रहे हैं। इसी बीच बोर्ड ने एक चौंकाने वाला खुलासा करते हुए बताया कि पोर्टल को बड़े पैमाने पर साइबर हमलों का सामना करना पड़ा। हालांकि, CBSE की साइबर सुरक्षा टीम ने समय रहते स्थिति को संभाल लिया और छात्रों की आवेदन प्रक्रिया प्रभावित नहीं होने दी।
बोर्ड के अनुसार, मंगलवार दोपहर 3 बजे तक 16,000 से अधिक छात्र सफलतापूर्वक री-इवैल्यूएशन के लिए आवेदन कर चुके थे। वर्तमान में पोर्टल एक साथ 8,000 से अधिक यूजर्स को संभालने की क्षमता रखता है।
2 मिनट में 15 लाख हिट्स, साइबर हमलावरों ने किया सिस्टम को ठप करने का प्रयास
CBSE ने बताया कि जैसे-जैसे पोर्टल पर छात्रों की संख्या बढ़ी, कुछ शरारती तत्वों ने उसकी सेवाओं को बाधित करने की कोशिश की। हाल ही में हुए एक बड़े साइबर हमले के दौरान केवल दो मिनट के भीतर पोर्टल पर करीब 15 लाख हिट्स दर्ज किए गए। इतना ही नहीं, एक लाख से अधिक बार अनधिकृत तरीके से फाइलों तक पहुंच बनाने की कोशिश भी की गई।
चौबीसों घंटे सक्रिय रही साइबर सुरक्षा टीम
CBSE की साइबर सुरक्षा और तकनीकी टीम लगातार निगरानी करती रही। बोर्ड ने कहा कि विशेषज्ञों ने हमलों को विफल करते हुए पोर्टल को सामान्य रूप से संचालित रखा, जिससे छात्रों को किसी बड़ी परेशानी का सामना नहीं करना पड़ा।
छात्रों के फीडबैक पर किए गए बड़े बदलाव
बोर्ड ने छात्रों से मिले सुझावों के आधार पर पोर्टल में कई महत्वपूर्ण सुधार भी किए हैं। सबसे बड़ा बदलाव सेशन टाइम लिमिट को बढ़ाना है, जिससे अब छात्रों को आवेदन भरने और आवश्यक दस्तावेज अपलोड करने के लिए पहले से अधिक समय मिल सकेगा।
CBSE का दावा – पूरी तरह सुरक्षित है छात्रों का डेटा
CBSE ने स्पष्ट किया है कि छात्रों और अभिभावकों की जानकारी पूरी तरह सुरक्षित है। बोर्ड का कहना है कि उसका प्राथमिक उद्देश्य छात्रों को सुरक्षित, विश्वसनीय और बेहतर डिजिटल सेवाएं उपलब्ध कराना है। इसी दिशा में साइबर सुरक्षा तंत्र को लगातार मजबूत किया जा रहा है।
बोर्ड ने छात्रों और अभिभावकों को आश्वस्त किया है कि री-इवैल्यूएशन प्रक्रिया सुचारु रूप से जारी है और किसी भी तकनीकी चुनौती से निपटने के लिए विशेषज्ञ टीमें 24 घंटे सतर्क हैं।
What's Your Reaction?






