कोलकाता एयरपोर्ट के पास कार शोरूम में भीषण आग, 30 गाड़ियां जलकर खाक; तीन घंटे की मशक्कत के बाद पाया काबू
इस हादसे की जानकारी वाहन मालिक समर कौर को सुबह करीब 4 बजे उनके एक दोस्त ने फोन पर दी। कौर की कार भी आग की जगह के बिल्कुल पास खड़ी थी। सूचना मिलते ही वह अपनी गाड़ी बचाने के लिए मौके पर पहुंचे, लेकिन वहां की स्थिति देखकर उनके लिए कार निकालना संभव नहीं था। कौर के मुताबिक, जब वह घटनास्थल पर पहुंचे तो आग इतनी विकराल थी कि वह करीब 10 फीट के दायरे में भी जाने की स्थिति में नहीं थे। आग उनके वाहन के ठीक सामने तक पहुंच चुकी थी, जिसके चलते कार को सुरक्षित निकालने की कोशिश भी नाकाम रही।
कोलकाता इंटरनेशनल एयरपोर्ट के पास जेसोर रोड इलाके में सोमवार तड़के एक कार शोरूम में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने शोरूम के बड़े हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया और वहां खड़ी करीब 30 गाड़ियां जलकर पूरी तरह राख हो गईं। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
आग की सूचना मिलने के बाद दमकल की आठ गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और लगातार कई घंटे तक आग बुझाने का अभियान चलाया। तेज लपटों और शोरूम में मौजूद वाहनों के कारण आग पर काबू पाना चुनौतीपूर्ण रहा। करीब दो से तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग को नियंत्रित किया जा सका।
इस हादसे की जानकारी वाहन मालिक समर कौर को सुबह करीब 4 बजे उनके एक दोस्त ने फोन पर दी। कौर की कार भी आग की जगह के बिल्कुल पास खड़ी थी। सूचना मिलते ही वह अपनी गाड़ी बचाने के लिए मौके पर पहुंचे, लेकिन वहां की स्थिति देखकर उनके लिए कार निकालना संभव नहीं था।
कौर के मुताबिक, जब वह घटनास्थल पर पहुंचे तो आग इतनी विकराल थी कि वह करीब 10 फीट के दायरे में भी जाने की स्थिति में नहीं थे। आग उनके वाहन के ठीक सामने तक पहुंच चुकी थी, जिसके चलते कार को सुरक्षित निकालने की कोशिश भी नाकाम रही।
दमकलकर्मियों ने आग को आसपास के हिस्सों में फैलने से रोकने के लिए लगातार अभियान चलाया। राहत की बात यह है कि इस घटना में किसी के हताहत होने या घायल होने की सूचना नहीं है।
फिलहाल आग लगने की वास्तविक वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। अधिकारियों की ओर से घटना की जांच की जा रही है और आग के स्रोत तथा नुकसान का विस्तृत आकलन किया जा रहा है।
What's Your Reaction?






